बैतूल नूतनडंगा पंचायत में लाखों के भुगतान, कलेक्टर से जांच की मांग
पंच सुब्रतो मंडल ने सरपंच और सचिव के खिलाफ की शिकायत, वर्ष 2023 से अक्टूबर 2026 तक के सभी भुगतानों की जांच कराने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नूतनडंगा में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पंचायत के पंच सुब्रतो मंडल ने कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग की है। शिकायत में सरपंच कम्बोली मंडल और सचिव राजकुमार बेले पर शासकीय राशि के दुरुपयोग तथा विभिन्न फर्मों के नाम पर कथित फर्जी भुगतान किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
29 अक्टूबर को प्रस्तुत शिकायत में सुब्रतो मंडल ने आरोप लगाया है कि सरपंच कम्बोली मंडल, पति गौरपद मंडल और सचिव राजकुमार बेले पंचायती राज के नियमों के विपरीत कार्य कर रहे हैं। आवेदन में अर्णव इंटरप्राइजेस, दास ट्रेडर्स तथा किशोर कुमार मंडल ट्रेडर्स एंड कॉन्ट्रेक्टर के नाम पर लाखों रुपये के कथित फर्जी भुगतान किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित फर्मों के साथ सरपंच और सचिव की मिलीभगत होने तथा भुगतान की राशि में कथित हिस्सेदारी का आरोप लगाया है।
पंच सुब्रतो मंडल ने वर्ष 2023 से अक्टूबर 2026 तक ग्राम पंचायत में हुए सभी भुगतानों की जांच कराने की मांग की है। इसमें मनरेगा, अन्य शासकीय योजनाओं और पंचायत दर्पण पोर्टल के माध्यम से किए गए भुगतानों को शामिल करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने सभी भुगतान अभिलेखों की जांच कर वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से जांच की कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का भी अनुरोध किया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित सरपंच और सचिव का पक्ष भी सामने नहीं आया है।


