बरेली
इफको आंवला इकाई को मिला ‘सेफ्टी इनोवेशन अवार्ड 2026’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । उर्वरक क्षेत्र की अग्रणी संस्था इफको की आंवला इकाई ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड में आयोजित भव्य समारोह में इफको आंवला इकाई को उर्वरक क्षेत्र में ‘सेफ्टी इनोवेशन अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा प्रदान किया गया। इफको आंवला को यह सम्मान पिछले दो वर्षों के उत्कृष्ट सुरक्षा प्रदर्शन, दुर्घटना रहित कार्यप्रणाली और सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए आधुनिक नवाचारों के लिए दिया गया है। समारोह में आंवला इकाई की ओर से महाप्रबंधक हीरा लाल यादव, अविनाश गुप्ता (अग्नि एवं सुरक्षा) और कृष्णेंद्र चौधरी (अग्नि एवं सुरक्षा) ने मंच पर यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस सफलता पर वरिष्ठ महाप्रबंधक सत्यजित प्रधान ने पूरी टीम को बधाई दी। अधिकारी संघ के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल और महामंत्री अनिल दुबे ने कहा कि इफको न केवल उत्पादन और मार्केटिंग में अग्रणी है, बल्कि सुरक्षा मानकों को बनाए रखने में भी सबसे सजग रहती है।
वहीं इम्प्लाइज यूनियन के अध्यक्ष सुखदेव सिंह और महामंत्री गजेंद्र सिंह ने भी खुशी जाहिर करते हुए पुरस्कार प्राप्त करने वाले और इसके लिए प्रयासरत सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।



