वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में शामिल होने रांची से सैकड़ों कांग्रेसी दिल्ली रवाना
Participated in the 'Save the Vote, Save the Nation' mega-rally
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक एवं रांची जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता आज ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सभी कार्यकर्ता आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होंगे। दिल्ली रवाना होने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस जत्थे में सोमनाथ मुंडा, सदन कुमार (जिला उपाध्यक्ष), विनोद कुमार मुंडा (जिला महासचिव), जाकिर अंसारी, फिरोज रिजवी मुन्ना, सुरेन कालंदी, महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कहा कि आज देश के सामने लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण सवाल है। चुनाव केवल सरकार बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की संप्रभुता और लोकतांत्रिक अधिकारों की अभिव्यक्ति है। यदि मतदान की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बन जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के वोट, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली केवल कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों की आवाज उठाने का मंच है। नायक ने कहा कि झारखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना इस बात को दर्शाता है कि प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं।रामलीला मैदान में आयोजित महारैली के माध्यम से झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नीतियों और मताधिकार से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस अधिकार की निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है।कांग्रेस पार्टी प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। अंत में विजय शंकर नायक ने झारखंड की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़े अभियान में एकजुट होकर भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा— “वोट रहेगा तो लोकतंत्र रहेगा, लोकतंत्र रहेगा तो देश मजबूत रहेगा।”



