15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता समापन समारोह में पहुंचे सीएम
CM attends the closing ceremony of the 15th All India Police Archery Competition

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का समापन समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना विकसित होती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज अंकिता भकत को भी सम्मानित किया। उन्होंने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए अन्य खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने की अपील की। महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने 37 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) 23-23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। पुरुष वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने 53 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों के खिलाड़ी उपस्थित रहे।



