मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को दो प्रमुख संथाल धर्म-सामाजिक महासम्मेलनों में शामिल होने का आमंत्रण
Invitation to Chief Minister Hemant Soren to attend two major Santhal religious-social grand conferences

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को नवंबर 2026 में आयोजित होने वाले दो प्रमुख संथाल धर्म एवं सामाजिक महासम्मेलनों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सोमवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ एवं मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन से जुड़े संथाल समाज के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 4 और 5 नवंबर 2026 को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड स्थित मरांग बुरु, मधुबन में आयोजित होने वाले ‘मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन-2026’ तथा 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो जिले के टीटीपीएस, ललपनिया में सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘26वें इंटरनेशनल संथाल सोशियो-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस-2026’ में शामिल होने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी दोनों महासम्मेलनों का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इन आयोजनों में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी सरना धर्मावलंबियों के शामिल होने की उम्मीद है। महासम्मेलनों के दौरान आदिवासी संस्कृति, संथाल समाज की समृद्ध परंपराओं, रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्थाओं के संरक्षण के साथ जनजातीय एकता को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दोनों आयोजनों की प्रस्तावित रूपरेखा और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों महासम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपरा और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह समर्पित है। हमारी पहचान और अस्तित्व को बचाए रखने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।” इस अवसर पर राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एवं मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा सहित हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू और सोनाराम मांझी समेत संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



