तेजस्वी का सम्राट सरकार पर हमला
पटना । नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से सियासत गरमा दी है। उन्होंने सत्ता पक्ष के कई नेताओं को निशाने पर लेते हुए गंभीर आरोपों की फेहरिस्त सामने रखी। जमीन विवाद, लूट और हत्या जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से भी सीधे जवाब मांग लिया।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। सत्ता पक्ष के विधायक ही आम लोगों की जमीन पर कब्जा करने, रंगदारी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर भी अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एनडीए के नेताओं पर लग रहे आरोपों को लेकर जवाब मांगा है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में भाजपा और लोजपा (रामविलास) के कई नेताओं का नाम लेते हुए अलग-अलग घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध सभी सीमाएं पार कर चुके हैं। उनका आरोप है कि सत्ता के संरक्षण में जनप्रतिनिधियों का मनोबल बढ़ा है और आम नागरिकों के साथ सरकारी संपत्तियां भी सुरक्षित नहीं हैं।
तेजस्वी ने दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में सरकारी जमीन, सार्वजनिक सड़क, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर अवैध कब्जे का आरोप भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में प्रशासन ने भी कब्जे की बात की पुष्टि की है। तेजस्वी ने इस मुद्दे पर विधायक की आलोचना करते हुए सरकार से जवाब मांगा।



