ललितपुर

 यातायात माह नवंबर तीन शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ

एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली

हेलमेट, सीट बेल्ट और नशे में वाहन न चलाने की दिलाई शपथ
चेकिंग अभियान में यातायात पुलिस ने किए 324 चालान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। यातायात माह नवंबर 2026 के तहत यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने के साथ ही उनका पालन करने की शपथ दिलाई गई। वहीं, नेहरू महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देश पर एएसपी कालू सिंह एवं सीओ यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात आलोक कुमार तिवारी ने नेहरू महाविद्यालय एवं श्रीदीपचंद्र चौधरी महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। वहीं, उप निरीक्षक यातायात शाकिब हाशमी ने राजकीय इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, गलत दिशा में वाहन न चलाएं और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से पूरी तरह बचने की अपील की गई। यातायात पुलिस ने सर्दी और कोहरे के मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी। वाहन चालकों से कहा गया कि कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाएं और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। हेडलाइट, फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर का उचित प्रयोग करें तथा कम दृश्यता में अनावश्यक रूप से हाई बीम का इस्तेमाल न करें। जागरूकता अभियान में ड्रिंक एंड ड्राइव के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर अपराध है। इससे वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। जागरूकता अभियान के साथ ही यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस ने जनपद के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए कुल 324 चालान किए गए। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button