बेतुल

बैतूल समान शिक्षा जन यात्रा में शिक्षा में समान अवसर और विद्यालयों के विकास पर हुआ मंथन

बैतूल में नागरिकों ने किया यात्रा का आत्मीय स्वागत, पूर्व कलेक्टर समान शेखर का किया सम्मान

सरकारी और निजी स्कूलों में छात्र-छात्राओं के नामांकन के अंतर तथा लैंगिक असमानता पर हुई चर्चा
एसएमसी के माध्यम से विद्यालय विकास योजना तैयार करने पर दिया जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। शिक्षा में समान अवसर और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निकाली जा रही समान शिक्षा जन यात्रा का शनिवार को बैतूल आगमन हुआ। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बैतूल के पूर्व कलेक्टर समान शेखर का भी नागरिकों ने विशेष स्वागत एवं सम्मान किया।
यात्रा के दौरान आयोजित स्कूल विजिट और जनसंवाद कार्यक्रमों में शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, सरकारी विद्यालयों के विकास तथा सभी बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने के विषय पर चर्चा की गई। इस दौरान सरकारी विद्यालयों में छात्राओं की अधिक संख्या और निजी विद्यालयों में बेटों को प्राथमिकता दिए जाने की सामाजिक प्रवृत्ति का मुद्दा भी सामने आया। चर्चा में कहा गया कि कई परिवार आर्थिक परिस्थितियों और सामाजिक सोच के चलते बेटों को निजी तथा बेटियों को सरकारी विद्यालयों में भेजते हैं। इसे शिक्षा में लैंगिक समानता के दृष्टिकोण से विचारणीय बताया गया।
कॉलेजों में फोर क्वाड्रेंट मॉडल से समझाई शिक्षा में असमानता
         यात्रा के अंतर्गत अलग-अलग टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समुदाय के बीच पहुंचकर संवाद किया। पहली टीम में चेन्नई से आए राजू अरुमुगम, रुपाली, प्रीति गौतम और डॉ. दिलीप सिंह ने शासकीय कन्या पीजी कॉलेज एवं जेएच कॉलेज में विद्यार्थियों से चर्चा की। इस दौरान फोर क्वाड्रेंट मॉडल के माध्यम से शिक्षा में असमानता के विभिन्न पहलुओं को समझाया गया। आशा और उज्ज्वल की कहानी के माध्यम से बताया गया कि बच्चों की प्रतिभा में अंतर नहीं होता, बल्कि अवसर, संसाधन और परिस्थितियां उनके भविष्य को प्रभावित करती हैं।
        दूसरी टीम ने रवि, नितिन, रुचि और डॉ. प्रशांत के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरदोड़ा का भ्रमण किया। यहां शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में संवाद किया गया। तीसरी टीम में डॉ. प्रशांत, रत्नमाला और डॉ. मथुरी श्रीनिवास ने समुदाय के लोगों से चर्चा कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उनके सुझाव और अनुभव जाने।
बच्चों की नियमित उपस्थिति पर दिया जोर
       जनसंवाद के दौरान शिक्षकों ने बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति को सीखने की निरंतरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को नियमित स्कूल भेजें और घर लौटने पर उनसे विद्यालय में पढ़ाई गई सामग्री के बारे में जानकारी लें। साथ ही बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने और उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के लिए संवाद एवं मार्गदर्शन करने की बात कही।
एसएमसी के माध्यम से तैयार होगी विद्यालय विकास योजना
       जनसंवाद में पालकों, शिक्षकों और समुदाय के सदस्यों ने स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) को सक्रिय करने तथा विद्यालय विकास योजना तैयार कर आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर काम करने की सहमति व्यक्त की। विद्यालयों में अधोसंरचना, शिक्षण सामग्री, बालिकाओं के लिए शौचालय, पेयजल, खेल मैदान और बाउंड्रीवाल जैसी आवश्यकताओं को चिन्हित कर सामूहिक प्रयासों से पूरा करने पर जोर दिया गया।
निजी विद्यालयों में प्रवेश को स्टेटस सिंबल मानने पर चर्चा
        शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरदोड़ा के शिक्षकों ने विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम की सुविधा, विद्यार्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था और अधोसंरचना में सुधार के सुझाव दिए। चर्चा के दौरान एक शिक्षक ने कहा कि वर्तमान में निजी विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाना कई परिवारों के लिए स्टेटस सिंबल बन गया है, जिसके कारण वे निजी विद्यालयों को प्राथमिकता देते हैं। वहीं, जनसंवाद में एक सेवानिवृत्त शिक्षक ने विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से उत्तीर्ण किए जाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए इस नीति पर पुनर्विचार की आवश्यकता बताई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button