जामताड़ा
करमाटांड़ में धूमधाम से संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ
फ्रेंड्स क्लब ने किया महाप्रसाद और चाय का वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
करमाटांड़ मुख्य बाजार, छत तलाक, दुधनी, ताराबहाल, सकलपुर, विष्णुडीह, मोहनपुर, ढाकोली, तेतुलबांध सहित दर्जनों गांवों में छठ व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और स्वस्थ जीवन की कामना की।
वहीं, करमाटांड़ मुख्य बाजार में छठ पूजा के अवसर पर फ्रेंड्स क्लब की ओर से विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब के सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं व्रतियों के बीच महाप्रसाद के रूप में ठेकुआ का वितरण किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चाय का भी वितरण किया गया। क्लब के इस प्रयास की लोगों ने सराहना की। महापर्व के समापन के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। चार दिनों तक चले इस कठिन अनुष्ठान के सफल समापन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा।




