सिंगरौली

ढोंगा बांध परियोजना में भू-अर्जन का पेंच

किसानों व महिलाओं ने ठप कराया काम, 2013 के कानून और मुआवजे पर अड़े ग्रामीण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली : देवसर क्षेत्र के ग्राम ढोंगा में प्रस्तावित बांध निर्माण परियोजना के लिए चल रही भू-अर्जन प्रक्रिया को लेकर विवाद गरमा गया है। नाराज किसानों और महिलाओं ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया और काम रुकवा दिया, जिससे मौके पर जेसीबी व अन्य मशीनरी थम गईं।
18 से अधिक किसानों का विरोध, महिलाओं ने भी संभाली कमान
प्रभावित 18 से अधिक किसानों ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए काम बंद कराया। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी आगे आकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। ग्रामीणों का आरोप है कि भू-अर्जन के दौरान वर्ष 2013 के भूमि अर्जन कानून के प्रावधानों का पालन नहीं किया गया है। उनका कहना है कि जब तक विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी नहीं होती, उचित मुआवजा नहीं मिलता और प्रभावित परिवारों के वैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होता, तब तक बांध का काम आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
राजस्व व पुलिस टीम पहुंची, तहसीलदार ने बताया अवार्ड पारित
विरोध और काम रुकने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं व आपत्तियां सुनीं और माहौल शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान तहसीलदार प्रदीप सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि का अवार्ड पारित हो चुका है तथा आगे की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जल्द स्पष्ट कर दिया जाएगा। तहसीलदार के मुताबिक, इसके बाद ग्रामीणों की ओर से निर्माण कार्य में कोई रुकावट नहीं डाली जा रही है।
विवाद के बीच उठे यह बुनियादी सवाल
अवार्ड होने के दावे और किसानों के विरोध के बीच यह स्थिति चर्चा में है कि आखिर किस आधार पर असंतोष बना हुआ है। प्रभावितों के बीच यह सवाल भी बना हुआ है कि क्या सभी पात्र किसानों को मुआवजा राशि प्राप्त हो चुकी है और पुनर्वास व वैधानिक अधिकारों से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं या नहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button