बालाघाट

गरीब की थाली पर रौब, वोट की सौदेबाज़ी

 लाड़ली बहनों को अंडा-मुर्गा की नसीहत

बदले में कमल का ‘रेट’ तय ?
लांजी विधायक कर्राहे का वीडियो वायरल, सत्ता के मद में चूर बोल पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बालाघाट। सत्ता का नशा जब सिर चढ़ता है, तो जनप्रतिनिधि जनता के सेवक नहीं, उसके मालिक की तरह बोलने लगते हैं। लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे का वायरल वीडियो इसकी ताज़ा मिसाल है। सरकारी योजना की राशि को खैरात की तरह पेश करते हुए उन्होंने आदिवासी महिलाओं को अंडा, मछली और मुर्गा खाने की “सलाह” दी, और उसी सांस में कमल का बटन दबाने की हिदायत भी थमा दी।
मेले से लौटते कारवां का ‘चुनावी स्टॉप’
मंगलवार शाम विधायक आलीटोला के मेले से लौट रहे थे। रास्ते में एक स्टॉल पर आदिवासी महिलाएं और बच्चे अंडा खाते दिखे। विधायक ने वाहन रुकवाया, पर न किसी की तकलीफ़ पूछी, न किसी समस्या का हाल जाना। उन्होंने सीधे योजना की 1500 रुपये की राशि का हिसाब बताया और उसे वोट से जोड़ दिया। सवाल यह है कि क्या जनता के टैक्स से चलने वाली योजना भाजपा की निजी जागीर है? क्या यह राशि किसी पार्टी का एहसान है, जिसकी कीमत कमल के बटन से चुकानी होगी?
‘पौष्टिक आहार’ की आड़ में वोट की अपील
विधायक का तर्क है कि पैसा पौष्टिक आहार पर खर्च हो। पर जिस अपील के साथ यह “नसीहत” दी गई, वह पोषण की चिंता नहीं, खुली चुनावी सौदेबाज़ी की गंध देती है। सरकारी योजना के लाभ को वोट की अपेक्षा से जोड़ना न सिर्फ़ अशोभनीय है, बल्कि लोकतंत्र की मर्यादा पर भी चोट है।
आदिवासी महिलाओं को क्या समझा है ?
लांजी का आदिवासी अंचल आज भी बुनियादी सुविधाओं, रोज़गार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जूझ रहा है। ऐसे में विधायक से अपेक्षा थी कि वे सड़क, अस्पताल और रोज़गार की बात करते। उन्होंने इन महिलाओं को यह सिखाना ज़्यादा ज़रूरी समझा कि थाली में क्या परोसें और बटन कौन-सा दबाएं। उनसे यह भी पूछा जाना चाहिए कि जनता को क्या खाना है, यह तय करने का हक़ उन्हें किसने दिया।
महिलाओं ने दिखाया आईना
इस बयान पर आम महिलाओं की प्रतिक्रिया विधायक को आईना दिखाने वाली है। उन्होंने कहा कि योजना की राशि से घर की ज़रूरतें पूरी करने में मदद मिलती है, और यह भी साफ़ कहा कि मतदान उनका व्यक्तिगत अधिकार है, जिसका फ़ैसला वे अपने विवेक से करेंगी। जिन्हें विधायक “समझा” रहे थे, उन्होंने ही उन्हें लोकतंत्र का पाठ पढ़ा दिया।
सफ़ाई देने की नौबत, कांग्रेस हमलावर
वीडियो वायरल होते ही विरोध के स्वर उठे। कांग्रेस ने इस बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा, और विधायक को पत्रकारों के सवालों के बीच सफ़ाई देने में जुटना पड़ा। जो बात खुलकर कही गई, उसकी सफ़ाई देनी पड़ रही है, यही बयान की गंभीरता का सबूत है।
जनता पूछ रही है
क्या सरकारी योजनाओं का लाभ वोट की शर्त पर मिलेगा ?
क्या आदिवासी महिलाओं की गरिमा विधायक के लिए हंसी-मज़ाक का विषय है ?
क्या विधायक सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगेंगे ?
क्या पार्टी नेतृत्व इस पर संज्ञान लेगा ?
लांजी की जनता जवाब चाहती है। मतदाता को “समझाने” की जगह उसका सम्मान करना सीखना होगा, क्योंकि जनता सब देखती और सुनती है, और वोट की चोट देना भी जानती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button