गाजियाबाद

लोनी में होली मिलन समारोह बना सामाजिक एकता का उत्सव

कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे सभी समुदायों के लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका क्षेत्र के बेहटा गांव स्थित चंदन वाटिका में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा एवं वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष  रंजीता धामा द्वारा किया गया। समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की भारी संख्या में उपस्थिति रही।
राष्ट्रीय लोकदल के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष  तरसपाल मलिक के प्रथम बार लोनी आगमन पर युवा कार्यकर्ताओं ने पुस्ता रोड से लेकर विभिन्न स्थानों गढी कटैया स्थित रामफल वाटिका, खन्ना नगर चौक, प्रेम नगर, दो नंबर, इंद्रपुरी, शांति नगर और बॉर्डर नहर तक—पुष्प वर्षा, माल्यार्पण और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। चंदन वाटिका में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मनोज धामा के आमंत्रण पर विभिन्न दलों के नेताओं ने मंच साझा किया और क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर  रंजीता धामा और मनोज धामा ने प्रदेश अध्यक्ष तरसपाल मलिक का पटका व माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष  तरसपाल मलिक ने कहा कि लोनी में कार्यकर्ताओं और जनता का उत्साह देखकर वे खुश हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे सदैव कार्यकर्ताओं के सम्मान और साथ के लिए तत्पर रहेंगे। खतौली विधायक मदन भैया ने होली को शांति और सद्भाव से मनाने की अपील करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने कार्यकर्ताओं के अनुशासन और उत्साह की सराहना की। वहीं अमरजीत सिंह बिड्डी, बागपत जिला पंचायत अध्यक्ष जय किशोर, भाजपा नेता अनिल प्रमुख, योगेंद्र मावी तथा पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनोद बंसल सहित कई नेताओं ने भी मंच से क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। आयोजक मनोज धामा ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और मेल-मिलाप का पर्व है, जिसे सभी गिले-शिकवे भुलाकर मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न धर्मों और समाजों के लोगों की एक मंच पर उपस्थिति लोनी की सामाजिक एकता का प्रमाण है। कार्यक्रम के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने दूर-दराज से आए अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर पालिका के महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों को मंच से सम्मानित किया, जिसका उपस्थित जनसमूह ने तालियों से स्वागत किया। समारोह में रागिनी गायकों और बीन वादकों की प्रस्तुतियों ने माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। महाभारत और लोककथाओं पर आधारित रागनियों ने श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी, विधायक मदन भैया, जय कुमार, अमरजीत सिंह बिड्डी, इंद्रजीत सिंह टीटू, अजय प्रमुख, योगेंद्र मावी, अनिल कसाना, महावीर खलीफा, डॉ. विनोद बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह ने लोनी में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश मजबूत किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button