
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने संयुक्त रूप से शहर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता व सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान डीएम-एसपी ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों की भी सघन चेकिंग की। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति एवं भंडारण व्यवस्था का गहनता से परीक्षण किया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी मानक नियमों का पालन किया जा रहा है। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने दी जाए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी कहा गया। प्रशासन की इस सक्रियता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा बढ़ा है।



