गाजियाबाद
संपत्ति विवाद में चाचा पर भतीजों का हमला, गंभीर रूप से घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के बदरपुर गांव में गुरुवार सुबह संपत्ति विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब भतीजों ने अपने चाचा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे 40 वर्षीय इस्लाम पुत्र अली मोहम्मद अपने घर पर अकेले बैठे थे। इसी दौरान उनके भतीजे अचानक उनके घर में घुस आए और उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। मारपीट का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चलते बने।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल इस्लाम को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। डाक्टरी परीक्षण में उनके शरीर पर गंभीर चोटें पाई गई हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


