
हैकाथॉन 4.0 में हिस्सा लेने सीईटी पहुंचीं छह राज्यों के 205 प्रतिभागियों की 60 टीमें
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) में तीन दिवसीय हैकाथॉन 4.0 गुरुवार (02 अप्रैल 2026) को आरंभ हुआ। एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी ने फीता काट कर हैकाथॉन 4.0 का उद्घाटन किया और इसके आरंभ होने की घोषणा की। प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देने के बाद उन्होंने स्किल पर जोर दिया। कहा कि आज डिग्री से ज्यादा स्किल जरूरी है और ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी स्किल अपडेट करने और प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
देव मूर्ति जी ने एक लाख रुपये की इनामी राशि वाले हैकाथॉन 4.0 में पहले स्थान पर रहने वाली टीम के लिए इनामी राशि बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार के बजाय इस बार 41 हजार रुपये दिए जाएंगे। अगले वर्ष से प्रतियोगिता की राशि एक लाख रुपये से बढ़ाई जाएगी। देव मूर्ति जी ने प्रतियोगियों को स्किल पर फोकस करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में स्किल पर फोकस न होना आज चिंता का विषय बन गया है। बीटेक और एमटेक करने के बाद भी युवाओं को आज नौकरी नहीं मिलती। इसकी वजह स्किल न होना है। ज्यादातर संस्थान भी स्किल डेवलपमेंट को वरीयता देने के बजाय सिर्फ डिग्री बेचने में लगे हैं। विद्यार्थियों की गुरु से ज्यादा गूगल पर निर्भरता भी इसकी एक बड़ी वजह है। डिग्री अर्न करने के बजाय डिग्री खरीदी जा रही है। यह चिंताजनक स्थिति है। ऐसे में स्किल बढ़ाना जरूरी है। स्किल की ही डिमांड है।
श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) के प्रिंसिपल, प्रेसिडेंट आईआईसी एवं हैकाथॉन 4.0 के इवेंट डायरेक्टर डा.प्रभाकर गुप्ता ने कहा कि कालेज के टेक एज सेल द्वारा आयोजित हैकाथॉन 4.0 में इस बार तमिलनाडु, हैदराबाद, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के कोयंबटूर, इरोड, हैदराबाद, जबलपुर, हरिद्वार, हल्द्वानी, ग्रेटर नोएडा, लखनऊ, मुरादाबाद और बरेली शहरों में संचालित इंजीनियरिंग कॉलेजों की 60 टीमें शामिल हो रही हैं। निर्णायक मंडल इनमें से हैकाथॉन 4.0 के विजेता का चुनाव करेंगे। इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति जी, ट्रस्ट एडवाइजर इंजीनियर सुभाष मेहरा, एसआरएमएस सीईटीआर के डीन डा.शैलेश सक्सेना, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ.एमएस बुटोला, पैरामेडिकल कालेज की प्रिंसिपल डा.जसप्रीत कौर, एसआरएमएस नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डा.मुत्थु महेश्वरी, सीईटी की वाइस प्रिंसिपल डा.ऋतु सिंह, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डा.अनुज कुमार, फार्मेसी डायरेक्टर डा.अमित कुमार शर्मा, डीएसडब्ल्यू डा.सौरभ गुप्ता, हैकाथॉन 4.0 के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डा.सत्य देव, इंजीनियर अश्विनी चौहान एवं इंजीनियर निपुन पांडेय, सभी विभागाध्यक्ष और स्टाफ मौजूद रहे।



