झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में सीएम का पुतला दहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा । झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक जैसे गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण प्रकरण के विरोध मे रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में रविवार को कारगील चौक में भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती के नेतृत्व में हेमंत सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती ने कहा कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली और पेपर लीक की घटनाएं राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और अब उनकी मेहनत पर भी पानी फेरा जा रहा है।
उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर बब्लू सिंह, संजीव टेकरीवाल सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



