गोड्डा

महागामा नगर पंचायत में कचरे का अंबार

चुनाव बाद सफाई व्यवस्था बेपटरी, जनता त्रस्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महागामा। महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। कई दिनों से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण नगर के विभिन्न वार्डों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़े का ढेर लग गया है। जगह-जगह फैली गंदगी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। खासकर मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक करने निकलने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।नगरवासियों का कहना है कि सुबह और शाम सड़कों पर टहलने निकलते हैं तो हर तरफ कचरा, बदबू और गंदगी नजर आती है। सड़कों किनारे पड़े सड़े-गले कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। वहीं मच्छरों और संक्रमण का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत चुनाव से पहले अधिकारी समय-समय पर सफाई व्यवस्था पर ध्यान देते थे और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होती थी। लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद अब वार्ड पार्षद से लेकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष तक कोई इस समस्या पर संज्ञान लेने वाला नहीं है।लोगों का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बाद शहर की तस्वीर बदलने और बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन हालात इसके उलट हो गए हैं। सफाई व्यवस्था बदहाल है और जिम्मेदार लोग मौन हैं।नगर के कई इलाकों में कचरा उठाव बंद होने से नालियां भी जाम होने लगी हैं, जिससे आने वाले दिनों में और गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे को हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button