बरेली
उपमहानिरीक्षक, अजय कुमार साहनी ने रिजर्व पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र, बरेली द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, बरेली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय बरेली का वार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम परेड की सलामी ली गई तथा मार्च-पास्ट का अवलोकन किया गया। इसके उपरांत परेड में सम्मिलित सभी टोलियों का टर्नआउट का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। तत्पश्चात शस्त्रागार का निरीक्षण कर शस्त्रों के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसी क्रम में एमटी शाखा (मोटर ट्रांसपोर्ट शाखा), फील्ड यूनिट, एवं घुड़साल का निरीक्षण किया गया। UP-112 सेवा के अंतर्गत संचालित दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान रिस्पॉन्स टाइम,उपलब्ध उपकरणों, रजिस्टरों एवं घटनाओं पर की जाने वाली कार्यवाही की समीक्षा की गई तथा संवेदनशील स्थानों (हॉटस्पॉट) के चिन्हांकन एवं प्रभावी पुलिसिंग हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त CCR, DCR एवं 112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कॉल रिस्पॉन्स टाइमिंग, लंबित एवं निस्तारित इवेंट्स की समीक्षा की गई तथा बेहतर समन्वय एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
पुलिस लाइन्स स्थित बैरकों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अनुशासन एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। भोजनालय (मेस) का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता की जांच एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता (नाखून, बाल आदि) कर साफ-सफाई बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय एवं परिवहन शाखा का निरीक्षण करते हुए वाहनों की स्थिति, कैदियों के सुरक्षित परिवहन,की व्यवस्था एवं ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की उपलब्धता का अवलोकन किया गया साथ ही नवीन वज्र वाहनों का निरीक्षण किया गया।
क्वाटर गार्द का निरीक्षण कर सलामी ली गई। शस्त्रों के रखरखाव एवं अभिलेखों का परिशीलन कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत पुलिस उप महानिरीक्षक, द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय बरेली का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं ,स्थानीय अभिसूचना इकाई एवं अन्य प्रशासनिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली, पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




