बरेली
सुरक्षित सपनों का नया पता: मलूकपुर का ‘सखी निवास’ बना कामकाजी महिलाओं का भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नए शहर में नौकरी, पढ़ाई या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित और किफायती आवास बड़ी चुनौती होती थी। मलूकपुर पुलिस चौकी के पास संचालित ‘सखी निवास’ (वर्किंग वूमेन हॉस्टल) ने इसका समाधान दिया है।
मिशन शक्ति योजना के तहत चल रहा यह हॉस्टल कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और प्रशिक्षण ले रही युवतियों के लिए सुरक्षा और सम्मान का केंद्र बन गया है।
यहां रियायती दर पर सुसज्जित कमरे, पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, 24 घंटे सुरक्षा, सीसीटीवी और गार्ड की सुविधा है। दूर-दराज से आने वाली युवतियों को घर जैसा माहौल मिल रहा है।
कामकाजी माताओं के लिए डे-केयर/पालना सुविधा सबसे बड़ी राहत है, जिससे वे निश्चिंत होकर नौकरी या पढ़ाई कर पा रही हैं। बाहर के जिलों से आई युवतियों का कहना है कि सुरक्षित आवास मिलने से परिवार का भरोसा बढ़ा है और वे आत्मविश्वास से अपने सपने पूरे कर रही हैं।



