गोड्डा

नन्हे कदमों ने संभाली सड़क सुरक्षा की कमान

पथरगामा पुलिस के साथ बच्चों ने चलाया जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो  
पथरगामा। फोरलेन NH-133 पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पथरगामा थाना पुलिस द्वारा गुरुवार को विशेष वाहन जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में नन्हे बच्चों और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान बच्चों ने सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ट्रिपल लोडिंग से बचने तथा रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने की अपील की। बच्चियों ने  राहगीरों और बाइक चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। बच्चों की मासूम अपील का लोगों पर सकारात्मक असर भी देखने को मिला। इस अवसर पर थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस प्रशासन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सजगता बढ़ाई जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button