
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर खेकड़ा में रेलवे ओवरब्रिज के निकट किसी अज्ञात वाहन ने बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने हादसा स्थल की जांच की तथा वाहन का पता लगाने में जुटी है।
हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम कासमाबाद जमालपुर निवासी 38 वर्षीय अरुण पुत्र सतेंद्र दिल्ली के सरिता विहार थाने में हेड कांस्टेबल थे। वे रविवार सुबह बाइक से हरियाणा की ओर ईपीई (ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे) से गुजर रहे थे। खेकड़ा में रेलवे ओवरब्रिज के निकट पहुंचने पर किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें खेकड़ा सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया।
पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लिया तथा पीड़ित स्वजन को हादसे की जानकारी दी गई। उधर, खेकड़ा सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि ईपीई पर हादसा किस वाहन से हुआ है, इसका पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



