बागपत
फिल्म ‘बिन फेरे हम तेरे’ की शूटिंग संपन्न, प्यार, कॉमेडी और सामाजिक संदेश का दिखेगा अनूठा संगम
बागपत और बादशाहपुर सिरोली में फिल्माया गया अधिकांश हिस्सा, इंस्पेक्टर सुरेंद्र मलानिया की दमदार भूमिका बनेगी खास आकर्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत : फिल्म जगत में एक नई मनोरंजक फिल्म ‘बिन फेरे हम तेरे’ की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। फिल्म का अधिकांश हिस्सा जनपद बागपत के साथ-साथ बादशाहपुर सिरोली में फिल्माया गया है। फिल्म में दर्शकों को रोमांस, हास्य, पारिवारिक रिश्तों की उलझन, धोखा और सामाजिक चक्रव्यूह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
फिल्म की कहानी प्यार और विश्वास से शुरू होकर रिश्तों की मर्यादा तथा कानून के महत्व तक पहुंचती है। फिल्म में वी.के. गुज्जर और अंजली दक्ष मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं ऊषा गौतम, सुरेंद्र मलानिया, ओमकुमार तोमर, नितिन गुज्जर और धर्मसिंह सहित कई कलाकार अपनी अदाकारी का जलवा दिखाएंगे।
फिल्म में जहां देसी अंदाज की कॉमेडी और प्रेम प्रसंग दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, वहीं रिश्तों में धोखे और विश्वासघात की कहानी सामाजिक संदेश भी देगी।
फिल्म का सबसे दिलचस्प मोड़ दिग्गज पुलिस इंस्पेक्टर सुरेंद्र मलानिया की भूमिका के साथ सामने आएगा। वह अपने दमदार पुलिसिया अंदाज में आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून का पाठ पढ़ाते नजर आएंगे। कहानी के क्लाइमेक्स में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाता है।
फिल्म का निर्माण वी.के. गुज्जर ने किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी अक्षय त्यागी ने संभाली है। फिल्म के कैमरामैन जी.के. माहुर हैं।
फिल्म के माध्यम से दर्शकों को संदेश दिया जाएगा कि प्यार और रिश्ते विश्वास, सम्मान तथा मर्यादा से चलते हैं। इनके नाम पर किसी के साथ धोखा करना और सामाजिक मर्यादाओं को तोड़ना उचित नहीं है।
‘बिन फेरे हम तेरे’ बागपत की स्थानीय लोकेशन और कलाकारों के साथ मनोरंजन तथा सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाली फिल्म के रूप में दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की उम्मीद रखती है।



