कैराना

बिजली टीम पर ग्रामीणों का हमला, सरकारी अभिलेख फाड़े

वाहन में तोड़फोड़ कर दी जान से मारने की धमकी

बकाया वसूली और चेकिंग अभियान के दौरान बवाल, टीम ने भागकर बचाई जान; अधिकारियों ने कार्रवाई की उठाई मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। क्षेत्र के गांव में बकाया वसूली और विद्युत चेकिंग अभियान के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि टीम के साथ अभद्रता की गई, सरकारी कागजात फाड़ दिए गए, विभागीय वाहन में तोड़फोड़ की गई और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई। हालात बिगड़ते देख टीम को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
विद्युत विभाग की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, उपखंड अधिकारी द्वितीय कैराना अमित कुमार के निर्देशन में विभागीय टीम गांव में बकाया वसूली और विद्युत जांच अभियान के लिए पहुंची थी। टीम द्वारा मौके पर उपभोक्ताओं की जांच व कार्रवाई की जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए तथा सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।विद्युत कर्मचारियों का आरोप है कि हंगामा और हमले जैसी स्थिति बनने पर टीम के सदस्य भयभीत हो गए और किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, तोड़फोड़ और धमकी देने की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि विभागीय टीम सरकारी कार्य के तहत अभियान चला रही थी, लेकिन विरोध के नाम पर टीम को निशाना बनाया गया, जिससे कर्मचारियों में रोष है।घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि सरकारी टीमों पर इसी तरह हमले होते रहे तो फील्ड में कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। विभाग ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button