जालौन

मरीजों की सुविधाएं बढ़ाने और स्वच्छता सुधारने के दिए निर्देश

सीएमओ हरिनंदन प्रसाद ने सीएचसी जालौन का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हरिनंदन प्रसाद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं, मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी एवं प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक है, जबकि प्रतीक्षालय में बैठने के लिए कुर्सियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने टीकाकरण कक्ष सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अस्पताल परिसर एवं सभी विभागों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमओ हरिनंदन प्रसाद ने लेबर रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि लेबर रूम के रजिस्टर एवं अभिलेख निर्धारित मानकों (एसओपी) के अनुरूप व्यवस्थित रूप से संधारित किए जा रहे हैं। उन्होंने गुणवत्ता मानकों का सतत पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सीएमओ ने मरीजों के पंजीकरण में लगने वाले समय को कम करने के लिए पंजीकरण काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक्स-रे सहित अन्य जांच सेवाओं का भी निरीक्षण किया और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि आभा  आईडी को पंजीकरण एवं जांच सेवाओं से जोड़ा जाए, जिससे मरीजों का इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तैयार हो सके और भविष्य में उनकी चिकित्सा संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीएमओ ने पूरे अस्पताल परिसर की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए वर्तमान 20 बेड वाले वार्ड को समर्पित इमरजेंसी वार्ड में परिवर्तित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे आपातकालीन सेवाएं सामान्य ओपीडी से अलग संचालित हो सकेंगी और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। सीएमओ हरिनंदन प्रसाद ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों और उनके परिजनों के प्रति विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक व्यवहार मिलना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। निरीक्षण का उद्देश्य मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button