जालौन
एचआईवी की रोकथाम और उपचार को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में एचआईवी/एड्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएन प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के दिशा-निर्देशन में यूपीएसैक्स तथा पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को वायरल लोड की निगरानी, एचआईवी और टीबी के एक साथ होने वाले संक्रमण तथा उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान ‘यू बराबर यू’ यानी उपचार के माध्यम से वायरल लोड नियंत्रित होने पर संक्रमण फैलने के जोखिम से जुड़ी अवधारणा को भी समझाया गया। अधिकारियों को राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों और उनके साथ होने वाले भेदभाव को रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम-2017 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों की जानकारी और समझ का आकलन करने के लिए पोस्ट-ट्रेनिंग असेसमेंट कराया गया।



