जालौन

सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताःएआरटीओ सौम्या पांडेय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद में नवागत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) सौम्या पांडेय ने अपने कार्यभार ग्रहण करने के बाद विभाग की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की नीतियों और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा आमजन को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग विशेष रूप से कार्य करेगा।
मीडिया से बातचीत में एआरटीओ सौम्या पांडेय ने कहा कि परिवहन विभाग जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास रहेगा कि लोगों को वाहन संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि वाहन पंजीकरण, स्वामित्व हस्तांतरण (ट्रांसफर) सहित परिवहन विभाग से संबंधित अन्य सेवाओं को और अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभाग कार्य करेगा तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से समाधान कराया जाएगा। एआरटीओ ने बताया कि भारी वाहनों की फिटनेस जांच में पूर्व में काफी लंबा इंतजार करना पड़ता था और वाहन स्वामियों को लगभग तीन माह तक की प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। लेकिन अब एटीएस सेंटर के संचालन से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) सेंटर के माध्यम से भारी वाहनों की फिटनेस जांच की प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा परिवहन सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत रहेगा। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button