जालौन
पुनीत मित्तल ने फीता काटकर किया बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ, मरीजों को बांटे फल
एक माह तक चलेंगे स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों और माताओं को मिलेंगी विशेष सेवाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन में बुधवार को बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ नगर पालिका प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में डॉ. कपिल गुप्ता, डॉ. सहन बिहारी, नगर अध्यक्ष अभिनय राजावत, यश पटेल, सुधांशु याज्ञिक सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने बताया कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह का उद्देश्य बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। यह अभियान 10 जून से प्रारंभ होकर एक माह तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसमें बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण, कुपोषित बच्चों की पहचान, टीकाकरण, आयरन-फोलिक एसिड एवं विटामिन-ए वितरण के साथ पोषण एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के साथ कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अभियान का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।


