जालौन
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) करारी-01 आवास योजना के अंतर्गत आवंटियों की रजिस्ट्री प्रारंभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झांसी –झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत करारी-01 आवास योजना में निर्मित आवासों के आवंटियों को स्वामित्व प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज दिनांक 10 जून 2026 से आवंटियों के विक्रय-विलेख (रजिस्ट्री) की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
आज प्रथम रजिस्ट्री श्रीमती प्रियंका खरे, पत्नी श्री अवधेश खरे, के नाम संपादित की गई। पूर्व में आयोजित कार्यशालाओं में आवंटियों को बैंक ऋण प्राप्त करने, देय धनराशि जमा करने तथा विक्रय-विलेख संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई थी। इसके फलस्वरूप जिन आवंटियों द्वारा निर्धारित समयावधि में अपने आवंटित आवासों के सापेक्ष पूर्ण देय धनराशि का भुगतान कर दिया गया, उनकी रजिस्ट्री प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई है।
रजिस्ट्री प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत श्रीमती प्रियंका खरे के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। अपने नाम पर आवास का स्वामित्व प्राप्त करना उनके लिए एक यादगार एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अपना घर प्राप्त होने पर झांसी विकास प्राधिकरण एवं शासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री हिमांशु गौतम एवं नगर नियोजक/संपत्ति अधिकारी श्री विजय कुमार सिंह द्वारा श्रीमती प्रियंका खरे को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) करारी-01 आवास योजना के अंतर्गत आवास की रजिस्ट्री से संबंधित अभिलेख प्रदान किए गए। उन्होंने लाभार्थी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना समाज के प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा झांसी विकास प्राधिकरण पात्र लाभार्थियों को उनके आवासों का स्वामित्व उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है।



