नशामुक्त समाज के संदेश के साथ आयोजित हुई क्रॉस कंट्री दौड़
Cross-country race organized with the message of a drug-free society.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। मादक पदार्थों के सेवन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने एवं इसके दुष्प्रभावों से बचाव के उद्देश्य से सेल्फी ब्रिज एवं आर्चरी स्टेडियम से क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के साथ-साथ नशे से दूर रहने का संदेश दिया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने “नशे को ना, जिंदगी को हां” के नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। नशे से दूर रहकर खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना स्वस्थ समाज तथा सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने नशामुक्त दुमका अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। इस आयोजन ने न केवल लोगों को स्वास्थ्य और खेल के प्रति जागरूक किया, बल्कि नशे के खिलाफ सामूहिक जनभागीदारी का भी प्रभावी संदेश दिया।



