शामली

जानलेवा हमले के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, डंडा बरामद

धनैना गांव में तीन लोगों पर लाठी-डंडों और सरियों से किया गया था हमला, पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को भेज चुकी है जेल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव धनैना में सामान उठाने को लेकर हुए विवाद के बाद तीन लोगों पर लाठी-डंडों और सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को गांव धनैना में सामान उठाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान राहुल, राजबीर और वीरसैन पर लाठी-डंडों तथा सरियों से हमला कर दिया गया था। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के संबंध में मोहकम की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में गुरुवार को गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव धनैना निवासी वंश उर्फ भोला और अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button