ललितपुर
चौदह गौसेवकों की उम्रकैद निरस्त करने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बजरंग दल और अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद ने जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा मांग पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बुधवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में 14 गौसेवकों को सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा पर पुनर्विचार किए जाने की मांग की। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मध्य प्रदेश के सिवनी मालवा क्षेत्र के एक प्रकरण में नर्मदापुरम की सत्र न्यायालय द्वारा 13 जून 2026 को 14 व्यक्तियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने इस निर्णय पर पुनर्विचार की आवश्यकता बताते हुए राष्ट्रपति एवं केन्द्रीय गृहमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि गौसेवा और गौरक्षा सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग है तथा इस निर्णय से गौसेवकों एवं सनातन समाज में चिंता का वातावरण व्याप्त है। संगठन का मत है कि इस प्रकार की कठोर सजा से भविष्य में गौसेवा से जुड़े लोगों में भय उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने मामले के मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दोषियों को दी गई आजीवन कारावास की सजा निरस्त करने अथवा प्रकरण की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति एवं केन्द्रीय गृहमंत्री से अनुरोध किया गया कि संविधान के अंतर्गत उपलब्ध प्रावधानों के अनुसार मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लिया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष अंकुश राजपाल, जिला मीडिया प्रभारी शुभम जमुरिया, विशाल रैकवार, राहुल ठाकुर, विज्ञान राय, संजीव कुमार श्रीवास्तव, शिशुपाल बाबा सतरवांस, शनिचन्द्र कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, पीयूष रैकवार, अंकुर जैन, कमल सोनी, अजय रैकवार, नरेन्द्र रैकवार, रोहित कुशवाहा, कपिल, सूरज यादव, दिनेश, मानवेन्द्र सिंह, विशाल साहू, आशीष राजपूत, चन्द्र प्रकाश जैन, सचिन, दीपक, अमन रैकवार, सागर ठाकुर, मनीष शर्मा, विक्की बाबा, मनराज यादव एवं बाल किशन नामदेव सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


