मथुरा
सगाई समारोह में पत्नी से अवैध संबंध के शक में चचेरे भाई पर दागीं 5 गोलियां, मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन रोड स्थित एक फार्महाउस में सगाई समारोह के दौरान युवक ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में लाइसेंसी पिस्टल से चचेरे भाई पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दीं। पुलिस के अनुसार, नौहझील के गांव पारसौली निवासी प्रधान सुभाष चौधरी की भतीजी रिंकी की सगाई शनिवार को गोवर्धन रोड स्थित एक फार्महाउस में आयोजित की गई थी। शाम छह बजे रिश्तेदार और परिवार वाले एक दूसरे को खुशियां बांट रहे थे। सगाई शुरू होने में कुछ ही समय बाकी था। प्रधान के परिवार के ही पवन चौधरी और गजेंद्र चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। दोनों आपस में चचेरे और तहेरे भाई हैं। कार्यक्रम के दौरान पवन कुर्सी पर बैठा था और गजेंद्र कुछ सामान लेकर उसके आगे से निकल रहा था। इसी दौरान पवन ने लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। लगभग 10 फीट दूरी से एक के बाद एक गोली गजेंद्र के सिर और कनपटी में जा धंसीं, जिससे वह जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गजेंद्र ठेकेदारी का कार्य करते थे। इधर, अन्य रिश्तेदारों ने पवन को मौके पर ही पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। लाइसेंसी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। सीओ प्रवीन तिवारी ने बताया प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पवन चौधरी ने बताया कि उसे गजेंद्र पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने गोली चलाई थी। हालांकि पुलिस परिजन की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करेगी। फिलहाल सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



