मथुरा

मंदिरों से महाजनपद तक खंगाला जाएगा ब्रज का इतिहास

तैयार होगा डिजिटल रिकॉर्ड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। ब्रज की पहचान केवल भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली के रूप में ही नहीं, बल्कि हजारों साल पुराने इतिहास, मंदिरों, मूर्तिकला और समृद्ध संस्कृति के रूप में भी रही है। भारतीय पुरातत्व परिषद और ब्रिसेक चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के बीच हुए समझौते के तहत वृंदावन शोध संस्थान के सहयोग से यह अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत ब्रज के प्राचीन और मध्यकालीन मंदिरों, पुरातात्विक स्थलों, मूर्तियों, पुराने भवनों के अवशेषों, शिलालेखों, प्राचीन बस्तियों और तीर्थ परंपराओं का सर्वेक्षण किया जाएगा। इस दौरान ऐसी ऐतिहासिक धरोहरों की भी तलाश होगी, जिनके बारे में अब तक बहुत कम जानकारी सामने आई है। प्राचीन काल में मथुरा और आसपास के क्षेत्र को सूरसेन महाजनपद के नाम से जाना जाता था। इस क्षेत्र का इतिहास और सांस्कृतिक महत्व काफी समृद्ध रहा है। अभियान के माध्यम से इस गौरवशाली अतीत से जुड़े तथ्यों को प्रमाणों के साथ सामने लाने का प्रयास होगा। इस कार्य में भारतीय पुरातत्व परिषद के विशेषज्ञ शोध और सर्वेक्षण करेंगे। वहीं, ब्रिसेक चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री आर्थिक सहयोग, विभिन्न संस्थाओं से संपर्क और सीएसआर के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। वृंदावन शोध संस्थान के निदेशक डॉ. राजीव द्विवेदी ने बताया कि ब्रज की खोज विषय पर तीनों संस्थाएं मिलकर व्यापक स्तर पर काम करेंगी। ब्रज की संस्कृति, इतिहास, पुरातात्विक धरोहर और स्थापत्य कला का डिजिटल रिकार्ड तैयार किया जाएगा। इसके लिए संस्थान के साथ अनुबंध की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस पहल से ब्रज की समृद्ध विरासत को नई पहचान मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button