मथुरा
स्कूल बस की टक्कर से पलट गई ट्रैक्टर-ट्रॉली, 24 लोग घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। राया में राजस्थान के गांव अधेय्या खुर्द से अलीगढ़ के गांव मोनिया हरदपुर गमी में जा रहे टैक्टर ट्रॉली सवार हादसे का शिकार हो गए। हादसा स्कूली बस से हुआ जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना को देख ग्रामीण दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। थाना राया क्षेत्र के गांव विरहना पर हुआ। ट्रैक्टर चालक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि ट्रॉली में 24 लोग सवार थे, जिसमें छह महिलाएं भी शामिल थीं। पीछे से आ रही स्कूली बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई। हादसे में प्रताप, नरेंद्र, विक्रम, रंगीला, रजनी, अनीता आदि घायल हो गईं, जिसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जिसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। स्कूली बस में सवार बच्चे सुरक्षित हैं। मामले की जांच की जा रही है।



