
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। नगर क्षेत्र के लौना रोड स्थित इंडियन गैस सर्विस एजेंसी के पास पेयजल पाइपलाइन में हुए लीकेज ने संबंधित विभाग की लापरवाही उजागर कर दी है। लगातार बह रहे पानी से मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। जलभराव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है।
यह मार्ग जालौन-हरदोई गुर्जर रोड सहित आसपास के कई गांवों को नगर से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क पर भरे पानी, फिसलन और गहरे गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके चलते कई बार मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। कई स्कूली बच्चे भी स्कूल आते-जाते समय फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से निकलना किसी जोखिम से कम नहीं है।
लगातार हो रहे पाइपलाइन लीकेज से प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। वहीं सड़क भी तेजी से क्षतिग्रस्त होती जा रही है। जलभराव के कारण गंदगी फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और विभाग को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक न तो पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई और न ही सड़क पर भरे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था की गई।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत और सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी, जल संस्थान एवं नगर पालिका प्रशासन से तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत, जलनिकासी और क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए सवाल उठाया है—”आखिर कब बनेगी यह सड़क? क्या लोगों को यूं ही जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ेगा?”


