कानपुर

भूजल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान- जिलाधिकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कानपुर : जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है, तभी वास्तविक बदलाव आएगा। यह आह्वान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के समापन समारोह में विकास भवन सभागार में किया। जिलाधिकारी ने जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जन जागरूकता रैलियों, गोष्ठियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं, श्रमदान, तालाबों के संरक्षण तथा भूजल पुनर्भरण एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को जल प्रहरी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए हर छोटी पहल भविष्य की दिशा तय करती है। यदि आज हम अपने बच्चों के लिए पानी नहीं बचाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। इसलिए जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को केवल अभियान नहीं, बल्कि जन आंदोलन बनाना होगा। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि भूजल सप्ताह की भावना केवल सात दिनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। जल है तभी कल है। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है, तो आज से ही जल संचयन और भूजल रिचार्ज को जन आंदोलन बनाना होगा। बच्चों को जल प्रहरी बनाकर उनमें जल संरक्षण की संस्कृति विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि भूजल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा पूंजी है। इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भूजल सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। वहीं, भूजल संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी को जल मित्र सम्मान प्रदान किया गया।कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, भूगर्भ जल विभाग के हाइड्रोलॉजिस्ट, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के विशेषज्ञ, लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button