भाजपा मंडल कार्यकारिणी विस्तार को लेकर बागपत में मंथन, सभी वर्गों की भागीदारी पर जोर

बागपत : भारतीय जनता पार्टी की सांगठनिक मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर मंगलवार को नगर स्थित चमरावल रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने की, जबकि प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी डॉ. चन्द्रमोहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और ओबीसी आयोग के सदस्य रमेश गौड़ कश्यप, जिला पर्यवेक्षक, तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य पार्टी के मंडल स्तर पर संगठन के विस्तार और शक्ति केंद्रों के गठन को लेकर रणनीति तय करना था। जिला प्रभारी डॉ. चन्द्रमोहन ने कहा कि शक्ति केंद्र भाजपा संगठन की रीढ़ होते हैं, और उन्हें मज़बूत बनाकर ही बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने विस्तार से बताया कि प्रत्येक मंडल कार्यकारिणी में 6 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 6 मंत्री और एक कोषाध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। डॉ. चन्द्रमोहन ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा, “पार्टी कोई भी पद छोटा नहीं होता, यह निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी से निभाए जाने का दायित्व होता है। कार्यक्रमों का सही क्रियान्वयन ही संगठन की सफलता की कुंजी है।”
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड़ कश्यप ने मंडल गठन की प्रक्रिया में सामाजिक समावेशिता और संतुलन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार में सभी जातियों और वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि भाजपा का जनाधार और व्यापक हो। साथ ही उन्होंने मंडल कार्यकारिणी में महिलाओं की सहभागिता पर भी जोर दिया।
रमेश कश्यप ने मंडल विस्तार के लिए स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और मंडल में निवास करने वाले अनुभवी कार्यकर्ताओं से परामर्श लेने की भी अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि 12 मई तक सभी मंडलों का गठन पूर्ण कर लिया जाए, जिसके बाद संबंधित रिपोर्ट जिला समिति को भेजी जाएगी और फिर क्षेत्रीय स्तर पर मंडल कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
बैठक में गन्ना समिति के चेयरमैन प्रदीप ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष अनिल तोमर, जिला मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के सह-संयोजक रविंद्र आर्य, नगर अध्यक्ष संदीप प्रजापति, मंडल अध्यक्ष मंजीत गुर्जर, विनोद देशवाल, सुधीर त्यागी, मांगे राम कश्यप, प्रभात तोमर, अनुज त्यागी, डॉ. अशोक ठाकुर, डॉ. अंकुर कौशिक सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठनात्मक एकता और मजबूत नेतृत्व के साथ आगामी चुनावों में भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।