सिंगरौली

सीवर लाइन कार्य में लापरवाही से वार्ड-42 के लोग परेशान

सड़क बहाली की गुणवत्ता पर उठे सवाल

मिट्टी डालकर की जा रही खानापूर्ति, बारिश में फिर धंस रही सड़क; पार्षद ने जताई नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 42 में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क बहाली कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संविदाकार द्वारा खोदे गए गड्ढों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं भरा जा रहा है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड पार्षद संतोष शाह ने बताया कि सीवर लाइन कार्य के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में लाने के लिए नगर निगम आयुक्त, महापौर एवं संबंधित संविदाकार को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि संविदाकार को भी कार्य प्रारंभ करने के लिए कहा गया था, जिस पर सोमवार से काम शुरू तो किया गया, लेकिन मिट्टी डालकर केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में केवल मिट्टी भरने से सड़क दोबारा धंसने की संभावना बनी रहती है। गड्ढों और खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, वहीं भारी वाहनों के निकलने से जाम की स्थिति भी बन रही है।
वार्डवासियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन उन्हें तय मानकों और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क बहाली कार्य को गुणवत्ता के साथ कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button