नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा पुलिस ने जिले में बैंक लूट की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के 4 युवकों की तस्वीर सार्वजनिक कर आम जनता से मदद मांगी है। पुलिस के अनुसार, ये चारों आरोपी बैंक लूटने वाले संगठित गिरोह के सदस्य हैं और जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सक्रिय हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जारी की गई तस्वीरों में चारों युवक कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को भी ये संदिग्ध कहीं दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन, झारखंड पुलिस के हेल्पलाइन नंबर या गोड्डा, पोड़ैयाहाट पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि बीते कुछ दिनों में जिले में बैंक लूट और लूट के प्रयास की घटनाएं बढ़ी हैं। अनुसंधान के क्रम में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन चारों की पहचान की गई है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह बाइक से आता है, बैंक में घुसकर हथियार का भय दिखाकर लूट करता है और कुछ ही मिनट में फरार हो जाता है। इसलिए आम लोगों और बैंक कर्मियों को सतर्क रहने की जरूरत है। बैंक में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखें। पोड़ैयाहाट, गोड्डा, मेहरमा और अन्य थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जिले की सीमाओं पर सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफवाह पर ध्यान न दें और सीधे पुलिस को जानकारी दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना 100 नंबर, जिला नियंत्रण कक्ष या स्थानीय थाना को तुरंत दें। आपकी एक सूचना अपराधियों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है।



