संभल

जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत का संज्ञान लेते हुए अनाथ बच्चों के हितों की सुरक्षा एवं शासन की योजनाओं से लाभान्वित कराने के दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

सम्भल।(बहजोई) जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त एक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अनाथ बच्चों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित समस्त पात्र जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए हैं। जनसुनवाई के दौरान विकास खण्ड बनियाखेड़ा के ग्राम मल्लपुर भवानी निवासी यशपाल पुत्र चंदन ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उनके बड़े भाई धर्मपाल पुत्र चंदन का लगभग आठ माह पूर्व निधन हो गया था। इससे पूर्व बच्चों की माता का भी निधन हो चुका था। फलस्वरूप धर्मपाल के दोनों बच्चे तुलसी एवं रिंकू माता-पिता के निधन के कारण अनाथ हो गए हैं। प्रार्थना पत्र में बच्चों के पालन पोषण, उनके हिस्से की कृषि भूमि तथा अन्य अधिकारों से संबंधित समस्याओं का उल्लेख किया गया था। जिलाधिकारी ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए संबंधित राजस्व एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरण की निष्पक्ष, समयबद्ध एवं नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों के वैधानिक अधिकार पूर्ण रूप से सुरक्षित रह सकें।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि जांच में दोनों बच्चे शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र पाए जाते हैं, तो उन्हें तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनकी शिक्षा,स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा,भरण-पोषण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में भी समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित एवं सशक्त बन सके। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि जनपद प्रशासन प्रत्येक जरूरतमंद, असहाय एवं निराश्रित नागरिक के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से अनाथ एवं निराश्रित बच्चों से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पात्र बच्चों को शासन की सभी अनुमन्य योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button