
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फरीदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर फैक्ट्री पर कार्रवाई की है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा लखनऊ एवं जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) I राहुल सिंह के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला व इन्द्रजीत सिंह की टीम ने आज मोहल्ला सुखदेव पुरम ससैया रोड, लाइनपार फरीदपुर में M/s Anupriya Beverages का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नितिन तोमर पुत्र प्रवीण सिंह निवासी बुघौली को 1000 मि.लि. व 500 मि.लि. की बोतलों में पानी पैक करते पाया गया। जांच में पाया गया कि कारोबारी द्वारा बोतलों पर फर्जी लाइसेंस नंबर डाला जा रहा था और निर्माता का पूरा पता न लिखकर केवल ‘Anupriya Beverages Uttar Pradesh Bareilly’ लिखा जा रहा था।
टीम ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नमूना जांच के लिए फूड एनालिस्ट को भेजा है। मौके पर तैयार 3915 बोतलें, जिनकी कीमत 48,060 रुपये है, सीज कर खाद्य कारोबारी की सुपुर्दगी में दी गई हैं। साथ ही पानी भरने वाली मशीन के नोजल को सील कर दिया गया है, ताकि निर्माणशाला में किसी तरह का उत्पादन न हो सके।



