जामताड़ा

थानारडीह पहुंचा भाजपा का प्रदेश प्रतिनिधिमंडल

पीड़ित परिवार से ली घटना की जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थानारडीह गांव में विगत दिनों हुई घटना को लेकर बुधवार को भाजपा झारखंड प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने भूदेव महतो के घर पहुंचकर परिजनों एवं ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही घर में हुई तोड़फोड़ और नुकसान का जायजा लिया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भूदेव महतो की पत्नी, माता, पिता, भाई एवं भाभी से अलग-अलग बातचीत कर घटना की जानकारी प्राप्त की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सौंपी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल थानारडीह पहुंचा है। परिवार एवं ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली जा रही है और इसकी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने घटना को लेकर कहा कि थानारडीह पहुंचने के बाद स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि झारखंड में बांग्लादेश या तालिबान जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर वोट बैंक की राजनीति के लिए एक समुदाय विशेष के लोगों को उकसाने का आरोप लगाया। हालांकि, ये भाजपा नेताओं के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मंजू देवी ने कहा कि भूदेव महतो के परिवार और घर पर बड़ी संख्या में लोगों द्वारा हमला कर घर को क्षतिग्रस्त किया गया तथा परिवार की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि यदि भूदेव महतो से कोई गलती हुई थी तो संबंधित लोगों को कानून का सहारा लेना चाहिए था।
विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेकर उपद्रव करने और किसी को प्रताड़ित करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन इस तरह की घटना को किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा नामजद आरोपियों एवं चिन्हित उपद्रवियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान और कानून में विश्वास रखती है। प्रशासन से अपेक्षा है कि पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी जाए। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, पूर्व मंत्री बाटुल झा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे सहित विनोद मंडल, मितेश शाह, महेंद्र मंडल, राजेंद्र मंडल, श्यामसुंदर मंडल, विनोद रजक समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button