जामताड़ा

कर्माटांड़ रेलवे फाटक से काली मंदिर तक सड़क निर्माण को लेकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू

शनिवार को सारठ विधायक उदय शंकर सिंह करेंगे शिलान्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
  जामताड़ा : कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सीताकाटा और कर्माटांड़ मौजा में सड़क निर्माण को लेकर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कर्माटांड़ रेलवे फाटक से काली मंदिर तक सड़क निर्माण के लिए अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रेम की उपस्थिति में अंचल कर्मियों एवं अमीन द्वारा सरकारी जमीन की मापी की गई।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे फाटक से काली मंदिर तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाना है। इस योजना की कुल राशि लगभग 5 करोड़ 90 लाख रुपये निर्धारित है। सड़क निर्माण से पहले सड़क किनारे सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित करने के लिए मापी कराई जा रही है। अंचल अधिकारी ने बताया कि सड़क किनारे जितनी भी सरकारी जमीन है, केवल उसी जमीन से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया की जा रही है। सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले जमीन की मापी कर सीमांकन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत सबसे पहले सड़क के किनारे नाली का निर्माण कराया जाएगा, इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू होगा। फिलहाल अमीन के माध्यम से सड़क की जमीन की मापी कर उन स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां लोगों ने झोपड़ी या भवन बनाकर अतिक्रमण किया है।
वहीं, शनिवार को दोपहर 3 बजे सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह के द्वारा सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौके पर पथ प्रमंडल जामताड़ा के कनीय अभियंता प्रभाकर कुमार, सहायक अभियंता राहुल कुमार चौधरी, कर्माटांड़ अंचल निरीक्षक कुमार हितेश दास, अमीन मोहताज अंसारी तथा स्थानीय पुलिस बल मोके पर मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button