जामताड़ा

रेलवे फाटक से गणपत महतो चौक होते हुए काली मंदिर तक सड़क निर्माण का शिलान्यास

5.26 करोड़ की लागत से बनेगी 2.95 किलोमीटर सड़क

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ : करमाटांड़ बाजार की जर्जर सड़क से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से सड़क निर्माण की उठ रही मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। शनिवार को रेलवे फाटक से गणपत महतो चौक होते हुए काली मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने ढोल-नगाड़ों के बीच किया। करीब 5.26 करोड़ रुपये की लागत से 2.95 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम से पहले कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ विधायक का स्वागत किया। रेलवे फाटक से गणपत महतो चौक तक ढोल-नगाड़े बजाकर एवं पटाखे फोड़कर उनका भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
बाजार क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण दुकानदारों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही थी। सड़क निर्माण की मांग लगातार उठ रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क बनने से बाजार की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आवागमन सुगम हो सकेगा।
शिलान्यास के मौके पर विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि करमाटांड़ बाजार की इस सड़क को लेकर जनता लंबे समय से मांग कर रही थी। उन्होंने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण को लेकर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन मिलने के बाद उनके मार्गदर्शन में सड़क निर्माण का टेंडर पूरा हुआ और अब निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो रही है। विधायक ने कहा कि सड़क बन जाने के बाद इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी तथा उन्हें पहले की तरह परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मौके पर राम रतन मंडल, बेजन मंडल, रंजीत मंडल, राम प्रसाद मंडल, मुबारक अंसारी, प्रकाश कुमार साह, मोहन साह, टिंकू, रेखान, कंचन पोद्दार, अवधेश कुमार, पोरेश मंडल, धनंजय सिंह, दुलाल मंडल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button