अमरोहा

शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल बने प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह

कोरोना काल में घर-घर पहुंचाई शिक्षा, निजी संसाधनों से विद्यालय को संवारा, जरूरतमंद बच्चों की भी की मदद

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा हसनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर विकासखंड गंगेश्वरी के प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर के प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह शिक्षा के प्रति अपने समर्पण और उल्लेखनीय कार्यों के चलते अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। वर्ष 2011 से बेसिक शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे रामवीर सिंह ने ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
कोरोना संक्रमण के कठिन दौर में जब परिषदीय विद्यालय लंबे समय तक बंद रहे, उस समय भी उन्होंने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी। रामवीर सिंह ने घर-घर पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया और अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया। विषम परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाए रखने के उनके प्रयास की क्षेत्र में सराहना हुई।
विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने अपने निजी संसाधनों से फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की जरूरतों को देखते हुए सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से उनकी मदद कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रामवीर सिंह का प्रयास केवल कक्षा में पढ़ाई कराने तक सीमित नहीं है। वह समय-समय पर अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए भी प्रेरित करते हैं। बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए वह अभिभावकों से बेटियों को पढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने का आह्वान करते हैं।
उनका मानना है कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि बच्चों में शिक्षा, संस्कार, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित करना भी है। इसी सोच के साथ रामवीर सिंह विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में जुटे हैं। उनके कार्य निश्चित रूप से अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button