गणेश चतुर्थी पर मेरठ परिक्षेत्र में 2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
164 स्थानों पर स्थापित होंगी गणेश प्रतिमाएं, 197 शोभायात्राओं और 34 विसर्जन घाटों पर रहेगा विशेष पहरा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। गणेश चतुर्थी और अनंत चतुर्दशी के मद्देनजर मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिक्षेत्र में करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में 164 प्रतिमाएं स्थापित, 197 शोभायात्राएं और 34 विसर्जन घाट प्रस्तावित हैं।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देश पर सात अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 71 निरीक्षक, 460 उपनिरीक्षक, 645 मुख्य आरक्षी, 880 आरक्षी, 375 होमगार्ड/पीआरडी जवान तथा एक कंपनी पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है।
मेरठ में 80 स्थानों पर 49, बुलंदशहर में 18 स्थानों पर 44, बागपत में 58 स्थानों पर 58 और हापुड़ में 12 स्थानों पर 13 प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। वहीं मेरठ में 63, बुलंदशहर में 51, बागपत में 68 और हापुड़ में 15 शोभायात्राएं प्रस्तावित हैं।
पुलिस ने परिक्षेत्र में 117 हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं। इनके लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 52 क्यूआरटी गठित की गई हैं। संवेदनशील मार्गों और आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी।
विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों को आयोजकों के साथ लगातार समन्वय रखने, परंपरागत मार्गों का पालन कराने और अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखते हुए भ्रामक सूचना और पुराने वीडियो के जरिए अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए।



