हापुड़

ग्राम प्रधान को रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला

लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट का आरोप

सिखेड़ा गांव में घटना से तनाव, प्रधान ने कई लोगों पर लगाए गंभीर आरोप; पुलिस से एफआईआर और सुरक्षा की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ । थाना पिलखुवा क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ा में ग्राम प्रधान अब्बास के साथ कथित मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान अब्बास ने गांव के ही पूर्व प्रधान उस्मान सहित कई लोगों पर रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से हमला करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

ग्राम प्रधान अब्बास द्वारा थाना पिलखुवा में दी गई शिकायत के अनुसार , घटना 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह गांव में एजाज पुत्र फिदा हुसैन के घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के उस्मान सहित कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे, सरिया तथा अन्य हथियार थे। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नियत से उन्हें पीटना शुरू कर दिया।

ग्राम प्रधान अब्बास का कहना है कि हमले के दौरान उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं , उनका एक दांत भी टूट गया है ।मारपीट के चलते वह जमीन पर गिर पड़े, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट जारी रखी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि हमले में उनके दांत टूट गए। घटना के दौरान चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए ।

ग्राम प्रधान का आरोप है कि मौके से जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी हैं। शिकायत में उनके भाई पर भी धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए ग्राम प्रधान ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, निष्पक्ष जांच करने और आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

पिलखुवा कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज बालियान का कहना हैं कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है । घायल अब्बास का मेडिकल कराया गया है । मेडिकल और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button