बेतुल

बैतूल हैंडपंप के आसपास जलभराव, दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

ग्राम पंचायत बडोरा में पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल, हैंडपंप के पास नहीं बना चबूतरा; बारिश का पानी जमा होने से संक्रमण का खतरा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। ग्राम पंचायत बडोरा में पेयजल व्यवस्था को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव में लगे हैंडपंप के आसपास न तो पक्का चबूतरा बना हुआ है और न ही बारिश एवं उपयोग के पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था दिखाई दे रही है। इसके कारण बारिश का पानी हैंडपंप के आसपास जमा हो रहा है और ग्रामीणों को जलभराव के बीच से होकर पानी भरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
चबूतरा निर्माण के नाम पर खर्च राशि पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसे महत्वपूर्ण संसाधन के आसपास स्वच्छता और जल निकासी की व्यवस्था होना आवश्यक है, लेकिन यहां लंबे समय से समस्या बनी हुई है। हैंडपंप के आसपास पानी जमा रहने से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही पानी के दूषित होने की आशंका भी बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में संक्रमण संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि हैंडपंप के आसपास चबूतरा और जल निकासी की व्यवस्था के लिए पंचायत स्तर पर राशि का प्रावधान किया गया है, तो मौके पर इसकी समुचित व्यवस्था क्यों नहीं है। ग्रामीणों ने संबंधित कार्यों में खर्च हुई राशि और निर्माण की स्थिति की जांच की मांग की है।
पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हैंडपंप से निकलने वाले पानी की तत्काल गुणवत्ता जांच कराई जाए। साथ ही हैंडपंप के आसपास पक्का चबूतरा बनाने, पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण कराने तथा जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है। ऐसे में जिम्मेदार विभाग और ग्राम पंचायत को मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button