बागपत
जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, ग्राम प्रधान के छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या
हलालपुर में खेत पर घेरकर किया हमला, 43 वर्षीय संजीव खोखर की मौत से परिवार में मचा कोहराम

चाचा और दो चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान व दूसरे भाई के साथ भी मारपीट
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के हलालपुर गांव में जमीन के विवाद ने शुक्रवार सुबह खूनी रूप ले लिया। खेत पर पहुंचे ग्राम प्रधान के छोटे भाई 43 वर्षीय संजीव खोखर की कथित रूप से लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में संजीव की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। हत्या का आरोप उनके चाचा और दो चचेरे भाइयों पर लगा है। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान और उनके एक अन्य भाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार हलालपुर निवासी सुधीर खोखर गांव के ग्राम प्रधान हैं। उनके दो भाई संजीव कुमार और राजीव खोखर हैं। तीनों भाई अपने परिवारों के साथ एक ही मकान में रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे संजीव कुमार अपने खेत पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान जमीन के विवाद को लेकर उनके चाचा उदयराज, चचेरे भाई सनी खोखर और आर्यन उर्फ गोलू ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि हमले में संजीव को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान सुधीर खोखर और उनके भाई राजीव खोखर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
संजीव की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच में जुटी
सीओ अंशु जैन ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के आधार पर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हलालपुर गांव में हुई इस वारदात के बाद जमीन के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष की चर्चा पूरे क्षेत्र में है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।



