सिंगरौली

सेवा मेरा योगदान अभियान को मिलेगी नई गति

30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

आयुक्त सविता प्रधान ने स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली द्वारा शासन के निर्देशानुसार 30 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत शहर में स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न अभियान चलाए जाएंगे। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी गतिविधियों का सुव्यवस्थित, समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को जनअभियान का स्वरूप देना और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, महिला समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
अभियान की शुरुआत 30 सितंबर को सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर से होगी। इसके बाद 2 से 4 अक्टूबर तक कृषि उपज मंडी वार्ड क्रमांक 42, मुख्य बाजार, बस स्टैंड जयंत वार्ड क्रमांक 17 और सामुदायिक भवन बैढ़न वार्ड क्रमांक 40 में स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसी क्रम में 3 से 5 अक्टूबर तक गनियारी, ढोंटी, मोरवा, अमलोरी और नौगढ़ स्थित तालाबों एवं छठ घाटों को प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट से मुक्त करने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 4 अक्टूबर को सामुदायिक भवन मोरवा में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
7 अक्टूबर को अम्बेडकर चौक से स्टेडियम तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। वहीं 9 अक्टूबर को विभिन्न शासकीय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों के साथ हरिहर तालाब, हर्रई पश्चिम तालाब, छठ घाट रेलवे स्टेशन, मुड़वानी तालाब और तेलाई तालाब में वृक्षारोपण तथा जलस्रोतों की स्वच्छता का कार्य किया जाएगा।
आयुक्त सविता प्रधान ने आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों के फोटोग्राफ और वीडियो शासन के पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा में अपलोड करने को कहा गया है। निगम का लक्ष्य अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ नागरिकों में सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button